सोन पंचायत का विकास एजेंडा: 19 लाख का भवन तैयार, 19 करोड़ की सड़क पर भूमिपूजन की तैयारी
पंचायत भवन तैयार, सड़क को 19 करोड़ की मंजूरी: सोन पंचायत ने दिया उप मुख्यमंत्री को न्योता

बिलासपुर… नेहरू चौक स्थित कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सोन ग्राम पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम में पूर्ण और स्वीकृत विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
पंचायत भवन तैयार, लोकार्पण प्रस्तावित
प्रतिनिधियों ने बताया कि करीब 19 लाख रुपये की लागत से नया ग्राम पंचायत भवन तैयार हो चुका है। भवन के लोकार्पण की तैयारी अंतिम चरण में है और तिथि तय होते ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सोनसरी–मुकुंदपुर सड़क को 19 करोड़ की स्वीकृति
सोनसरी से मुकुंदपुर तक लगभग साढ़े 8 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 19 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
आमंत्रण स्वीकार, तिथि जल्द तय होगी
अरुण साव ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की तिथि शीघ्र निर्धारित करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शासन की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि बुनियादी ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य राधा खिलावन पटेल, सरपं प्रतिनिधि मोतीराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल रहे।





