LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

शराब के लिए मांगा पैसा..नहीं देने पर किया जानलेवा हमला.. मुख्य आरोपी समेत 2 नाबालिग गिरफ्तार

बिलासपुर..सरकंडा थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने पर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी जब्त कर लिया है।

मामला 30 अगस्त की रात का है। रामायण चौक चिंगराजपारा निवासी बलराम सिंह (32) अपने दोस्त के साथ शनिचरी रपटा के पास अंडा खा रहा था। तभी तीन युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज कर विवाद शुरू कर दिया। विवाद के बीच एक युवक ने बलराम और उसके साथी पर पीछे से सब्जी काटने वाला चाकू से वार कर दिया। दोनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेंद्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

मुखबिर से मिली सूचना पर 2 सितंबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल यादव उर्फ छोटू (19), निवासी अशोक नगर बजरंग चौक सरकंडा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। साहिल यादव ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस को सौंप दिया, जिसे जब्त कर लिया गया।

आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी और नाबालिगों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close