LIVE UPDATE
Bilaspur

लखीराम ऑडिटोरियम के पास चाकूबाजी: कांग्रेस नेता के बेटे पर ताबड़तोड़ वार, हालत गंभीर

बिलासपुर… न्यायधानी के पॉश इलाके में शुक्रवार शाम हुई चाकूबाजी ने कानून-व्यवस्था पर सीधे सवाल खड़े कर दिए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम के पास वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे पर जानलेवा हमला हुआ। घायल युवक निजी अस्पताल में भर्ती है, हालत गंभीर बताई जा रही है।

मामूली कहासुनी से हिंसक झड़प

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अपने दोस्तों के साथ ऑडिटोरियम के पास खड़ा था। इसी दौरान युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता और उनके साथियों से किसी बात पर कहासुनी हुई। बहस कुछ ही मिनटों में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।

चाकू से कई वार, मौके पर गिरा युवक

आरोप है कि विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में उपचार, पुलिस की दबिश

घायल को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम निगरानी में रखे हुए है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।

सार्वजनिक स्थल पर वारदात से दहशत

शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल के पास हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द गिरफ्तारी होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close