LIVE UPDATE
Big news

कलेक्टर ने कहा..बनाएंगे नशामुक्त जिला…रैली को दिखाया झण्डी…पुलिस ने अभियान चलाकर 250 दुकानों पर ठोंका जुर्माना

 कोटपा एक्ट के तहत तम्बाकू का सामान बेचते पकड़ाए दुकानदार

बिलासपुर—विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जिला और पुलिस प्रशासन ने तम्बाकू के खिलाफ जनता के बीच जागरूकता रैली निकाल कर शहरवासियों को तम्बाकू से दूरी बनाकर रखने का संदेश दिया। पुलिस ने इस दौरान कोटपा एक्ट के तहत 250 से अधिक दुकानों पर छापा मारा। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर किसी भी किशोर या नाबालिग को तम्बाकू नहीं बेचने की बात कही। विश्व तम्बाकू दिवस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम तहत विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31मई को जनजागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर शहर के कोने तक पहुंची। इस दौरान शहरवासियों को तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभाव से जागरूक किया। स्वयं, परिवार, समाज और देश हित में तंबाकू छोड़ने की अपील की ।
तंबाकू निषेध दिवस पर पुलिस ने जिले में 250 दुकानों में धावा बोलते हुए कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई और रैली के दौरान  मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और  सीएमएचओ डॉ. प्रमोद तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।
   तंबाकू के दुष्प्रभाव और समाज  में बढ़ रही नशे के खिलाफ जिला प्रशासन ने जंग का एलान किया है। कलेक्टर परिसर से रैली को हरी झण्डी दिखाते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संदेश दिया कि बिलासपुर जिले को नशा मुक्त बनाना है। महत्वपूर्ण अभियान में जनता की भागीदारी बहुत जरूरी है।
 जिला कार्यालय परिसर में कलेक्टर ने एनसीसी समेत डीपी विप्र कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया। उन्होने प्रचार रथ के माध्यम से कोटपा अधिनियम की विभिन्न धाराओं 4,5,6 एवं 7 के बारे में विस्तार से बताया। कलेक्टर ने जीवन पर पड़ने वाले नशे के दुष्प्रभाव की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ बी.के वैष्णव और जिला कार्यक्रम प्रबंधक पियुली मजूमदार ने  शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औषधि निरीक्षक, जिला सलाहकार और पुलिस विभाग के सहयोग से कोटपा अधिनियम 2003 की धाराओं पर हो रहे उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई को अँजाम दिया।  गांधी चौक एरिया, पुराना बस स्टैंड, गोल बाजार समेत शहर में जगह जगह स्थित प्रमुख स्थानों पर धावा बोला। 250 से अधिक दुकानदारों पर जुर्माना ठोंका।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button