LIVE UPDATE
Chhattisgarh

फाइलों से बाहर निकले.. कलेक्टर ने दिया…सख्त संकेत.. धान से नशे तक प्रशासन अलर्ट

नशा, धान और सड़क सुरक्षा पर प्रशासन की दो टूक

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)..जिले में धान खरीदी से लेकर नशे के अवैध कारोबार और सड़क सुरक्षा तक की चुनौतियों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख के संकेत दिए हैं। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न योजनाओं और जमीनी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई, जहां कई मामलों में साफ शब्दों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में चल रही धान खरीदी की स्थिति, धान उठाव, सत्यापन प्रक्रिया और किसानों की संख्या की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी अंतिम चरण में है और इस दौर में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध धान, कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।

सरगुजा ओलंपिक को लेकर 28 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रस्तावित ब्लॉक स्तरीय आयोजनों की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने और प्रतियोगिताओं के संचालन में अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक सहभागिता का माध्यम बने।

बैठक में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर भी गंभीर चर्चा हुई। कलेक्टर ने साफ किया कि नशे का अवैध व्यापार प्रशासन की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नियम कागजों तक सीमित न रहें।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर भी चिंता जताई गई। कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुधार कार्य, जागरूकता बोर्ड, रिफ्लेक्टर और आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को यातायात नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं आबकारी विभाग को ढाबों, होटलों और ठेलों में अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में निर्देश तो स्पष्ट हैं, अब निगाह इस पर रहेगी कि ये फैसले फाइलों से निकलकर जमीन पर कितनी तेजी और सख्ती से उतरते हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close