Big news

ऐतिहासिक बन गया CM का बिलासपुर दौरा..जब मुख्यमंत्री ने पखारा दीदियों का पाँव..260 करोड़ की हुई बरसात.. विष्णु देव ने कहा.. इस निकाय को दूंगा एक करोड़

बिलासपुर…छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने सोमवार को एक साथ शिक्षा, शौर्य और स्वच्छता की ऐतिहासिक झलक देखी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 3 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। शहीद विनोद सिंह कौशिक सहित कई वीर सपूतों के परिवारों को नमन किया और स्वच्छता संगम 2025 में स्वच्छता दीदियों का पांव-प्रक्षालन कर आभार जताया। इस अवसर पर 260 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन और 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर पोर्टल की शुरुआत भी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा— “युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है, हमें मिलकर छत्तीसगढ़ को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाना है।”

मुख्यमंत्री का आत्मीय सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सोमवार को विशेष हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचे।  पंडित सुंदरलाल शर्मा परिसर हेलीपैड में उनका विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

मेधावी छात्रों और शहीदों का सम्मान

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय कोनी में आयोजित शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने 3 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। शहीद विनोद सिंह की पत्नी और पिता सहित आधा दर्जन शहीद परिवारों का शाल और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया।

नक्सलवाद का सफाया

मुख्यमंत्री ने सीपत-नवाडीह चौक का नामकरण शहीद विनोद सिंह के नाम पर करने की घोषणा की । उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की मेहनत, लगन और संकल्प से प्रदेश नई ऊँचाइयों को छुएगा। मुख्यमंत्री ने शहीद विनोद सिंह कौशिक के बलिदान को नमन करते हुए दोहराया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को पूरा करेगी।

एक करोड़ का ईनाम

बहतराई स्टेडियम में आयोजित स्वच्छता संगम 2025 में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों का पांव-प्रक्षालन कर सम्मानित किया। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान पाने वाले नगरीय निकाय को 1 करोड़ रुपये, दूसरे को 50 लाख रुपये और तीसरे को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने का एलान किया।  इस अवसर पर 260 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इसमें 63.57 करोड़ के 24 कार्यों का लोकार्पण और 197 करोड़ के 25 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने 46 नगरीय निकायों के लिए जीआईएस आधारित ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए स्वच्छता एवं शहरी सौंदर्यीकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को सम्मानित किया।

vvip लोगों की विशेष उपस्थिति

दोनों अवसरों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजेश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, अधिकारी, स्वच्छता दीदी एवं स्वच्छता कमांडो उपस्थित रहे।

Back to top button