LIVE UPDATE
Bilaspur

हाईकोर्ट बार चुनाव की तस्वीर साफ, अंतिम मतदाता सूची जारी; महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण..17 पदों पर मतदान

महिला अधिवक्ताओं के लिए कुल पांच पद निर्धारित

बिलासपुर…हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। चुनाव संचालन के लिए गठित प्रशासक समिति ने मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। मतदाता सूची के सार्वजनिक होते ही चुनावी माहौल गर्मा गया है और प्रत्याशी अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क में जुट गए हैं।

प्रशासक समिति ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप एसोसिएशन में महिलाओं का 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए तीन नए पद जोड़े हैं। इसके साथ ही अब महिला अधिवक्ताओं के लिए कुल पांच पद निर्धारित कर दिए गए हैं। यह फैसला बार एसोसिएशन में महिला सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

एडवोकेट राज अवस्थी और आर.के. केशरवानी की प्रशासक समिति द्वारा मंगलवार शाम अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें सभी पात्र मतदाता अधिवक्ताओं के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही चुनाव के लिए निर्धारित सभी पदों का भी विधिवत उल्लेख किया गया है।

इन चुनावों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (वरिष्ठ), उपाध्यक्ष (महिला), सचिव, सह-सचिव, सह-सचिव (महिला), कोषाध्यक्ष, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ), क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (महिला), ग्रंथालय सचिव तथा कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। महिला प्रतिनिधित्व को और सुदृढ़ करने के लिए कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के दो अतिरिक्त पद भी शामिल किए गए हैं। इस तरह कुल सात कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कुल सत्रह पदों के लिए मतदान 12 फरवरी को कराया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही चुनावी गतिविधियों में तेजी आ गई है और प्रत्याशी अधिवक्ताओं के बीच समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close