LIVE UPDATE
Bilaspur

समोआ में गूंजा छत्तीसगढ़—ज्ञानेश्वरी यादव ने इंटरनेशनल मंच पर जीता गोल्ड..70 देशों के बीच भारत का परचम

70 देशों के बीच भारत का परचम; कॉमनवेल्थ-2026 क्वालीफिकेशन में बढ़त

बिलासपुर..छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है।समोआ के एपिया में आयोजित आईबीएफसी यूनिवर्सल कप-2026 वेटलिफ्टिंग टूर्नामेंट में उन्होंने 53 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।

70 देशों के बीच नंबर-1 प्रदर्शन

25 अप्रैल से 2 मई तक तुआनाईमाटो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 70 देशों के करीब 500 खिलाड़ी और 200 अधिकारी शामिल हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ज्ञानेश्वरी ने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

कॉमनवेल्थ-2026 की राह मजबूत

यह जीत केवल एक पदक तक सीमित नहीं, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के क्वालीफिकेशन के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है। इस प्रदर्शन ने उनके चयन की संभावनाओं को और मजबूत कर दिया है।

लगातार अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां

ज्ञानेश्वरी इससे पहले जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर और सीनियर कॉमनवेल्थ में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य शासन ने उन्हें गुण्डाधुर पुरस्कार से भी सम्मानित किया है।

पुलिस की वर्दी में अंतरराष्ट्रीय दमखम

वर्तमान में ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में राजनांदगांव में पदस्थ हैं। खेल और सेवा—दोनों जिम्मेदारियों को साथ लेकर चलने का उनका जज्बा युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है।

कोच की मेहनत, खिलाड़ी का जज्बा

इस सफलता के पीछे उनके कोच अजय लोहार विश्वकर्मा का मार्गदर्शन और लगातार प्रशिक्षण अहम रहा है। अनुशासन, समर्पण और सही दिशा—इन्हीं के सहारे ज्ञानेश्वरी ने यह ऊंचाई हासिल की है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button