बाजार में अचानक निकला ‘चीता’, हाथ में गड़ासा… फिर जो हुआ उसने सबको चौंका दिया
खुले बाजार में ‘चीता’ की चाल, हाथ में गड़ासा और लोगों में डर

बिलासपुर…थाना मस्तूरी क्षेत्र के जयरामनगर साप्ताहिक बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक खुलेआम धारदार चाकूनुमा गड़ासा लहराते हुए बाजार पहुंचे लोगों को डराने-धमकाने लगा। भीड़भाड़ वाले बाजार में इस हरकत से दहशत का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए।
बाजार को बना लिया था आतंक का मंच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक बेखौफ होकर हथियार लहराते हुए बाजार के आसपास घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा भय देखा गया। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया गया।
घेराबंदी कर दबोचा गया ‘चीता’
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित घेराबंदी की और आरोपी अमन यादव उर्फ चीता को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकूनुमा गड़ासा बरामद किया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात टल गई।
आर्म्स एक्ट के तहत केस, न्यायालय भेजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 68/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अशांति फैलाने वालों के लिए सख्त संदेश
इस कार्रवाई को इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। मस्तूरी पुलिस का साफ कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर भय और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





