बारामती में चार्टर विमान हादसा, उप मुख्यमंत्री अजित पवार को लेकर अनिश्चितता; आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार
घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में गहरी चिंता

बारामती..महाराष्ट्र की राजनीति उस वक्त स्तब्ध रह गई, जब बुधवार सुबह बारामती में एक चार्टर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और लैंडिंग के दौरान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस विमान में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार भी सवार थे। विमान में कुल पांच लोग मौजूद बताए जा रहे हैं, जिनमें दो क्रू मेंबर और दो सहयोगी शामिल थे। कुछ मीडिया संस्थानों ने हादसे में किसी के बचने की संभावना न होने की बात कही है, हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सरकारी बुलेटिन या औपचारिक पुष्टि जारी नहीं की गई है।
बीबीसी मराठी सहित कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने अजित पवार के निजी सहायक अनिल ढिकले के हवाले से दुर्घटना की जानकारी दिए जाने की बात कही है, लेकिन राज्य सरकार, डीजीसीए या पवार परिवार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और अंतिम बयान सामने नहीं आया है।
प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 8 बजकर 48 मिनट पर लैंडिंग के दौरान हुई। यह चार्टर विमान VT-SSK (LJ45) बताया जा रहा है, जो बारामती हवाई पट्टी पर उतरते समय नियंत्रण खो बैठा। हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहत और बचाव एजेंसियां पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।
इस गंभीर घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में गहरी चिंता है। फिलहाल अजित पवार की स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और सभी की निगाहें आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हुई हैं।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जब तक डीजीसीए या राज्य सरकार की ओर से औपचारिक बयान जारी नहीं होता, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी।





