शोरूम में उत्पात! चाकू लेकर एजेंसी में घुसे युवक—पुलिस ने चार को दबोचा
मोटरसाइकिल एक्सचेंज विवाद: चाकू लहराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…थाना तखतपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल एक्सचेंज के नाम पर एजेंसी में उत्पात मचाने, गाली-गलौज करने और धारदार चाकू से कर्मचारियों को धमकाने के जुर्म में तीन आआरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिक भी शामिल है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 3(5) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एजेंसी में गाली-गलौज और विवाद
घटना 9 दिसम्बर 2025 की है। रिपोर्ट में प्रार्थी ने बताया कि आरोपी बहोरिक यादव उर्फ बिल्ला पहले कादीर ऑटो बजाज शोरूम पहुँचा। मोटरसाइकिल एक्सचेंज कराने के नाम पर कर्मचारियों से मां-बहन की अशोभनीय गालियाँ देकर चला गया। कुछ देर बाद दो साथियों—सूर्य कुमार यादव उर्फ सूर्या, विवेक यादव उर्फ बादशाह—और एक नाबालिग के साथ वापस लौटा। इस बार उसके हाथ में धारदार चाकू था।
कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी
चारों ने दुकान में मौजूद कर्मचारी अमित वैष्णव के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति को देखते हुए प्रार्थी ने तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला गंभीर होने पर तखतपुर पुलिस ने उच्च अधिकारियों को अवगत कर त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
चारों आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
थाना तखतपुर की टीम ने संदिग्ध क्षेत्रों में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कुछ ही समय में तीनों आरोपी—बहोरिक, सूर्या, विवेक—और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट की धाराएँ जोड़ी गईं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद तखतपुर पुलिस ने तीन आरोपियों तथा नाबालिग को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बाजार और सार्वजनिक स्थानों में असामाजिक व्यवहार पर रोक लगाई जा सके।





