Cg weather: छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रचंड प्रकोप! रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 4 संभागों में अलर्ट, मैनपाट 4°C से नीचे जमा

Cg weather।छत्तीसगढ़ में उत्तरी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के चार प्रमुख संभागों— सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर— के जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
राज्य के चार शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया है, जहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
अंबिकापुर: न्यूनतम तापमान 5°C (पिछले 24 घंटे में सबसे कम)।
पेंड्रा: न्यूनतम तापमान 8°C।
जगदलपुर: न्यूनतम तापमान 9.8°C।
वहीं, राजधानी रायपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.4°C रिकॉर्ड किया गया।
शीतलहर के बढ़ते असर को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने आम जनता को राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर, शहर में 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
सभी जोन कमिश्नरों और जोन हेल्थ अधिकारियों को रात में फील्ड में रहकर अलाव के इंतजाम की निगरानी करने को कहा गया है, ताकि बेघर लोगों, राहगीरों और आम नागरिकों को तुरंत राहत मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने भी ठंड को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों से अपील की गई है कि शीतलहर के दौरान वे केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।





