LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG Weather: छत्तीसगढ़ में चढ़ा पारा..रायपुर बना सबसे गर्म शहर, आने वाले हफ्तों में और बढ़ेगी तपिश

Cg weather।छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बनकर सामने आया है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल का तीसरा और चौथा सप्ताह राज्य के लिए और अधिक तपिश भरा हो सकता है।

तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक पहुंचने की संभावना है, जिससे गर्मी के तीखे तेवर लोगों को और परेशान कर सकते हैं।

रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार चढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और उमस के कारण लोग दोपहर में घरों से निकलने से बच रहे हैं।

स्कूलों, कार्यालयों और बाजारों में गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। लू और तेज धूप के चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

हालांकि इस भीषण गर्मी के बीच कुछ राहत की उम्मीद भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर सहित बस्तर संभाग के कुछ जिलों में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश या कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। स्थानीय बादलों की गतिविधि और वातावरण में नमी के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा, जो थोड़े समय के लिए लोगों को राहत दे सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह अस्थायी बारिश अधिक दिनों तक नहीं टिकेगी और अगले कुछ हफ्तों में प्रदेश को फिर से तेज धूप और गर्म लू का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को जरूरी सावधानियों के साथ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी गई है।

जल संरक्षण, ठंडे पेय पदार्थों का सेवन और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना इस मौसम में जरूरी हो गया है।

छत्तीसगढ़ में इस बार गर्मी ने समय से पहले ही अपने तीखे तेवर दिखा दिए हैं। अगर मौसम का यही रुख बना रहा तो आने वाले समय में यह गर्मी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

Back to top button