CG News-मायके आई दो सगी बहनों की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत: साप्ताहिक बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें रविवार की दोपहर अड़ेंगा के साप्ताहिक बाजार गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटीं।

CG News-केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अड़ेंगा में मंगलवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय नदी में दो महिलाओं के शव तैरते हुए पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बृजबती गावड़े और 55 वर्षीय मनाय बाई के रूप में हुई है, जो आपस में सगी बहनें थीं।
ये दोनों महिलाएं करीब एक सप्ताह पहले 11 जनवरी को अपने मायके ग्राम डोहलापारा आई हुई थीं और रविवार को अपने-अपने ससुराल वापस लौटने वाली थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें रविवार की दोपहर अड़ेंगा के साप्ताहिक बाजार गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटीं।
जब वे काफी समय तक घर नहीं पहुँचीं, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दो दिनों तक आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहाँ ढूंढने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। मंगलवार की सुबह जब गांव का एक व्यक्ति अपने खेत की ओर जा रहा था, तब उसने नदी के किनारे पानी में दो शवों को उतराते हुए देखा।
ग्रामीण की सूचना पर तत्काल गांव वाले मौके पर पहुँचे, जहाँ उनकी पहचान लापता बहनों के रूप में की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेज दिया है। प्राथमिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद पुलिस का अनुमान है कि साप्ताहिक बाजार से घर लौटते समय दोनों बहनें नदी के किनारे बनी संकरी पगडंडी का सहारा ले रही होंगी।
संभवतः इसी दौरान किसी का पैर फिसला होगा और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश या संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों पानी में गिर गईं, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है





