LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Cg news: रिश्वत लेते पकड़े गए दो इंजीनियर सस्पेंड

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार का 'हंटर' लगातार चल रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़े अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की ट्रैप कार्रवाई के बाद की गई है।

CG news।रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक शुचिता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के दो अधिकारियों—सहायक अभियंता ऋषिकांत तिवारी और उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल को निलंबित कर दिया है। इन दोनों अधिकारियों को हाल ही में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।

मामले के अनुसार, सूरजपुर जिले के प्रेमनगर उप संभाग में पदस्थ सहायक अभियंता ऋषिकांत तिवारी और सुकमा जिले के छिंदगढ़ जनपद में पदस्थ उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली थीं।

एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जाल बिछाकर इन दोनों को रिश्वत की राशि लेते हुए दबोचा था। गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 48 घंटे से अधिक जेल में रहने और रिश्वतखोरी जैसे गंभीर आरोप के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत इनके निलंबन की आधिकारिक पुष्टि की गई है।

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस (Zero Tolerance) की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी या पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि जनहित की योजनाओं का पैसा सीधे जनता तक पहुँचना चाहिए और जो भी इसमें बाधा बनेगा या पारदर्शिता से खिलवाड़ करेगा, उस पर इसी तरह की कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
close