LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG news: जनसंख्या गणना एवं सूचीकरण के कार्यों के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

Cg news।बलरामपुर/ भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कटारा की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

जिसमें आज प्रथम दिवस प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण, मकान गणना एवं आगामी जनसंख्या गणना के कार्यों को सुव्यवस्थित, सटीक एवं समयबद्ध रूप से संपादित करने हेतु अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों का उपयोग देश के विकास व जनकल्याण हेतु नीति और कार्यक्रम बनाने में किया जाता है।

कलेक्टर ने आंकड़ों की शुद्धता और सटीकता पर विशेष जोर देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ करने को कहा, ताकि सही और विश्वसनीय आंकड़े मिल सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर संयुक्त निदेशक श्री दीपक गोदे तथा जनगणना नोडल अधिकारी श्री बैद्यनाथ कुमार एवं मोहित तिवारी ने प्रथम चरण में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, मकानों के प्रकार, डिजिटल फॉर्म भरने की विधि, फील्ड में डेटा एकत्र करने का तरीका और जनगणना के लिए तैयार सीएमएमएस पोर्टल व मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया।

प्रशिक्षकों ने फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की। प्रशिक्षण में अधिकारियों को यह भी बताया गया कि डाटा की जांच कैसे की जाए और लोगों को डिजिटल स्व-गणना के लिए किस तरह सही मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि एवं विसंगतियों से बचा जा सकें।

Back to top button
close