CG News: उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान(IASE ) बिलासपुर में Data Analysis विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

Cg news।बिलासपुर।उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान(IASE), बिलासपुर में शोध एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “Data Analysis” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ गरिमामयी वातावरण में किया गया है।
यह कार्यशाला 11 दिसंबर तक चलेगी। कार्यशाला का उद्घाटन संस्था की प्राचार्य मीता मुखर्जी के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर M.Ed. प्रभारी डॉ. रीमा शर्मा, संस्थान की आचार्य डॉ. नीला चौधरी एवं डॉ. विद्या भूषण शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला के स्रोत पुरुष के रूप में डॉ. बी. वी. रमण राव ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य के लिए वैज्ञानिक, व्यवस्थित एवं सटीक डेटा विश्लेषण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि उसी के माध्यम से शोध निष्कर्षों की विश्वसनीयता सुनिश्चित होती है।
कार्यक्रम के दौरान शोध में प्रयुक्त विभिन्न डेटा विश्लेषण विधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की जा रही है, जिनमें प्रमुख रूप से Survey Methods, Experimental Research Design, Correlation (सह-संबंध), डेटा संकलन, वर्गीकरण, विश्लेषण तथा निष्कर्षों की प्रस्तुति शामिल हैं। विषयवस्तु को सरल भाषा एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्राचार्य मीता मुखर्जी ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शोधार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता तथा अनुसंधान कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
M.Ed. प्रभारी डॉ. रीमा शर्मा ने कार्यशाला को प्रशिक्षार्थियों के शैक्षणिक एवं शोधात्मक उन्नयन हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।
इस कार्यक्रम में M.Ed. के सभी प्रशिक्षार्थी एवं संस्थान के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यशाला को सफल बनाया।
आगामी सत्रों में डेटा विश्लेषण के व्यावहारिक एवं अनुप्रयोगात्मक पक्षों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।





