CG News- घर में घुसकर मासूम से बदसलूकी करने वाला गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी को भेजा जेल

CG News/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला सुरक्षा और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर कड़ा प्रहार करते हुए पुसौर पुलिस ने छेड़खानी के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद पुलिस ने एक मासूम बालिका के साथ बदसलूकी करने वाले आरोपी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुसौर थाना पहुंची और आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि राहुल सिंह नाम का युवक पिछले कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था और आते-जाते समय उस पर अशोभनीय और भद्दी टिप्पणियां करता था। घटना वाले दिन पीड़िता घर में अकेली थी और खाना बना रही थी, जबकि उसके माता-पिता बाजार गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी उसके घर में घुस आया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले दरवाजा खटखटाया और अंदर घुसकर उसके पिता के बारे में पूछने का नाटक किया। जैसे ही बालिका ने बताया कि घर में कोई नहीं है, आरोपी ने उसे अकेला पाकर छेड़खानी शुरू कर दी। बहादुर बालिका ने हार नहीं मानी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर पास ही मौजूद उसकी दादी मौके पर पहुंच गईं, जिन्हें देख आरोपी राहुल सिंह वहां से भाग निकला। बाद में पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 331(3) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।





