LIVE UPDATE
Chhattisgarh

cg news-विवाहिता की संदिग्ध मौत: 22 साल से संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप, पति की भूमिका पर उठे सवाल!

cg news-छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। आंबेडकर चौक पर रहने वाली पिंकी गुप्ता की लाश उनके ससुराल में फंदे से लटकी मिली।

मृतका के पति सुरेश गुप्ता ने इसे आत्महत्या करार दिया है, लेकिन पिंकी के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या की साजिश और प्रताड़ना का मामला बताया है। उत्तर प्रदेश की रहने वाली पिंकी की मौत के बाद अब पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह खुदकुशी है या कुछ और।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि पिंकी की शादी को 22 साल बीत चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर ससुराल वाले और पति उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

परिजनों ने बताया कि घटना की सुबह करीब 4 बजे दामाद सुरेश गुप्ता ने फोन कर सूचना दी थी कि पिंकी के पेट में तेज दर्द हो रहा है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, कुछ ही देर बाद दोबारा फोन आया कि पिंकी की मौत हो गई है। जब परिजन वहां पहुंचे, तो सच्चाई कुछ और ही निकली, जिससे परिजनों का शक गहरा गया है।

इस पूरे मामले में पति की भूमिका को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, पत्नी की मौत के बाद पति ने डायल 112 को सूचना देने के बजाय पहले निजी एम्बुलेंस बुलवाई थी।

आरोप है कि एम्बुलेंस और पुलिस के पहुंचने से पहले ही क्राइम सीन (घटनास्थल) के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई। जब एम्बुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन्हें घर के अंदर लाश मिली, जिसके बाद उन्होंने ही तत्काल गुढ़ियारी पुलिस को इसकी सूचना दी।

फिलहाल, गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के परिजनों और पति के बयानों में विरोधाभास है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह साफ हो पाएगा कि मौत फांसी लगाने से हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है

Back to top button
close