CG News: पोंड़ी (घुटकू) सेवा सहकारी समिति में 63 लाख का धान गबन, तीन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज

CG News: तखतपुर।सेवा सहकारी समिति मर्यादित पोंड़ी (घुटकू), पंजीयन क्रमांक 668 में वर्ष 2023-24 की धान खरीदी के दौरान लगभग ₹63 लाख के धान गबन का मामला सामने आया है। इस घोटाले को लेकर तीन जिम्मेदार कर्मचारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अभिषेक शर्मा, शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर द्वारा थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया कि धान खरीदी केंद्र में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं।
संयुक्त जांच दल द्वारा की गई जांच में यह खुलासा हुआ कि कुल खरीदी गई 55,476 क्विंटल धान में से 2,226.77 क्विंटल का स्टॉक केंद्र में होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन पर मात्र 195.77 क्विंटल अमानक धान पाया गया। इस प्रकार 2,031 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य ₹62,96,100 आँकी गई है।
इस गंभीर घोटाले के लिए तीन व्यक्तियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है:
1. अरुण कुमार कौशिक – तत्कालीन प्रभारी संस्था प्रबंधक
2. रामखिलावन धुर्वे – तत्कालीन केंद्र प्रभार
3. हरी यादव – कंप्यूटर ऑपरेटर
पुलिस ने जांच प्रतिवेदन और अभिलेखों के आधार पर इन तीनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक न्यासभंग) एवं 34 (साझा आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रकरण की विवेचना जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा सकती है।