रायपुर ।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से चरित्र शंका और हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. राखी थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में एक सनकी पति ने अपने ही मकान मालिक की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह खौफनाक वारदात राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनोद की है. मृतक की पहचान गनोद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर (25 वर्ष) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी का रहने वाला है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो सालों से मृतक वेद राम साहू के मकान में दुकानें किराये पर लेकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था.

इसी दौरान पुरुषोत्तम को शक हुआ कि उसके मकान मालिक वेद राम साहू का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध चल रहा है. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट होती रहती थी.

शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते काफी हिंसक हो गया. गुस्से में आकर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने वेद राम साहू का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने पर राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. प्राथमिक जांच में अवैध संबंध का संदेह ही हत्या का मुख्य कारण निकलकर सामने आया है.

पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.