LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News: पंचायत निधि बंटवारे पर बवाल: केंद्र ने मांगी तत्काल जांच रिपोर्ट, सीईओ पर पक्षपात के आरोप

CG News। दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पंचायत निधि के बंटवारे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जनपद पंचायत सदस्य ढालेश साहू की शिकायत पर केंद्रीय पंचायत राज मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सरकार से तत्काल जांच रिपोर्ट मांगी है।

साहू ने आरोप लगाया है कि पंचायतों को आवंटित राशि का वितरण संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 का उल्लंघन करते हुए किया गया, जिससे कई पात्र पंचायतों को उनका हक नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब 15वें वित्त आयोग से मिली राशि के बंटवारे में पारदर्शिता की कमी के आरोप लगे।

जनपद पंचायत सदस्य ढालेश साहू ने 28 मई 2025 को हुई सामान्य सभा में इस मुद्दे को उठाया और जनसंख्या व क्षेत्रफल के आधार पर राशि बांटने की मांग की।

उनका कहना है कि भाजपा समर्थित 13 सदस्यों ने बहुमत के आधार पर रकम अपने क्षेत्रों में आवंटित कर ली, जबकि कांग्रेस समर्थित 11 सदस्य और उनके क्षेत्रों के 60 गांव विकास कार्यों से वंचित रह गए।

विवाद तब और बढ़ गया जब 4 अगस्त को विरोध प्रदर्शन कर रहे 11 कांग्रेस जनपद सदस्यों को जनपद सीईओ रूपेश पांडे ने कथित तौर पर कहा, “5 साल इसी तरह भुगतना पड़ेगा।” इस बयान के बाद विपक्ष ने सीईओ पर खुला पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ढालेश साहू ने 8 जुलाई को केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की। इस पर मंत्रालय ने राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

मंत्रालय ने आदेश की एक प्रति शिकायतकर्ता को भी भेजी है, ताकि उन्हें कार्रवाई की प्रगति की जानकारी मिलती रहे।

Back to top button