CG News-रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बिरबिरा में पति-पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को संदेह था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत के पीछे मृतक दंपति का जादू-टोना था।

इसी शक और रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और मृतिका के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने में सूचना दी कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। दंपति के शव घर के अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 331(7) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही निवासी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू, पिता सुशील साहू, उम्र 22 वर्ष, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की मौत को लेकर मृतक दंपति पर जादू-टोने का शक होने की बात बताई। वह इस आशंका को लेकर गांव में चर्चा भी करता था।

पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के साथ आरोपी को मृतक दंपति के पास जमीन और आसबती साहू के सोने-चांदी के आभूषण होने की जानकारी भी थी। इसके बाद मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे घर के अन्य सदस्यों के सो जाने के बाद वह टंगिया और हंसिया लेकर छतों के रास्ते सदाशी साहू के मकान में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने पहले एक कमरे में सो रहे सदाशी साहू पर टंगिया से हमला किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर भी धारदार हथियारों से वार कर उनकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर आसबती साहू के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के आभूषणों के साथ घर में रखे अन्य जेवर, अंगूठियां, बिछिया और सिक्के भी ले लिए। पुलिस के अनुसार, उसने खून लगे हथियारों को धोकर एक सफेद बोरी में रखा और तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया और हंसिया, खून लगी जींस तथा लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने की जानकारी दी है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक पुष्पानंद ध्रुव और आरक्षक महेंद्र बघेल, दीनदयाल सोनवानी तथा दुर्गेश चंद्राकर की भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे जादू-टोने को लेकर आरोपी का कथित संदेह और आभूषण लूटने की मंशा सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।