LIVE UPDATE
Chhattisgarh

cg news-नोएडा के मॉल में ठगी की दुकान, करोड़ों डकारने वाले दिल्ली गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह नोएडा के गौर मॉल में एक हाई-प्रोफाइल ऑफिस किराए पर लेकर फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। वहां से ये लोग देशभर के बीमा धारकों का डेटा निकालकर उन्हें कॉल करते थे और भारी-भरकम राशि वापस दिलाने का लालच देकर अपना शिकार बनाते थे। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह ने छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी करोड़ों रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।

cg news/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

नोएडा के नामी ‘गौर मॉल’ में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर देशभर के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दिल्ली-एनसीआर के इस गिरोह का मुखिया अब सलाखों के पीछे है। रायपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने दिल्ली में डेरा डालकर इस फरार आरोपी को गाजियाबाद से दबोचा।

बीमा पॉलिसी के नाम पर बनाया शिकार
यह पूरा मामला रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाले परमजीत सिंह चड्ढा से इस गिरोह ने नवंबर 2024 में बड़ी ठगी की थी। ठगों ने चड्ढा को उनकी पुरानी बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि (परिपक्वता राशि) दिलाने का झांसा दिया था। झांसे में आकर परमजीत सिंह ने विभिन्न शुल्कों के नाम पर कुल 9,60,000 रुपये आरोपियों के बताए खातों में जमा कर दिए। जब राशि नहीं मिली और संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।

मास्टरमाइंड गाजियाबाद से गिरफ्तार
cg news/पुलिस ने इस मामले में दो दिन पहले ही गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों—अनिल कुमार (37), अजय तिवारी (33) और रिंकू सिंह (42)—को गिरफ्तार किया था। इन तीनों से पूछताछ के दौरान गिरोह के असली मास्टरमाइंड जितेंद्र कुमार उर्फ राजीव सिंह (35) का नाम सामने आया। मास्टरमाइंड राजीव, जो गाजियाबाद के वसुंधरा का निवासी है, पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया था। रायपुर पुलिस की टीम ने हार नहीं मानी और दिल्ली-एनसीआर में लगातार कैंप कर तकनीकी इनपुट्स के आधार पर उसे घेराबंदी कर धर दबोचा।

नोएडा के मॉल से चल रहा था ठगी का नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह नोएडा के गौर मॉल में एक हाई-प्रोफाइल ऑफिस किराए पर लेकर फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। वहां से ये लोग देशभर के बीमा धारकों का डेटा निकालकर उन्हें कॉल करते थे और भारी-भरकम राशि वापस दिलाने का लालच देकर अपना शिकार बनाते थे। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह ने छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी करोड़ों रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।

अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार
इस प्रकरण में रायपुर पुलिस अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों में गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला अनिल कुमार, विजय नगर का अजय तिवारी और शालीमार गार्डन का रिंकू सिंह शामिल हैं। मास्टरमाइंड राजीव सिंह से अब पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की गई रकम की बरामदगी और इस नेटवर्क में शामिल अन्य चेहरों का पता लगाया जा सके।

Back to top button
close