cg news-यूट्यूब से सीखा ATM काटना, गैस कटर लेकर पहुंचा लूटने; कवर्धा पुलिस की मुस्तैदी ने डिजिटल चोर को रंगे हाथों पकड़ा
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी नंदलाल इससे पहले भी कई बार ऐसी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर चुका था। उसने स्वीकार किया कि वह पूर्व में सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान के एटीएम में भी चोरी का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और वह असफल रहा।

cg news/कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई है। यूट्यूब पर वीडियो देखकर एटीएम (ATM) मशीन काटने की तकनीक सीखने वाला एक शातिर आरोपी गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। यह पूरी कार्रवाई लोहारा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर 30 वर्षीय युवक को उस वक्त दबोचा जब वह पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बनाने की फिराक में था।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी नंदलाल साहू ने पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था और जल्द से जल्द पैसे कमाने के चक्कर में उसने अपराध का रास्ता चुना।
उसने यूट्यूब पर कई ऐसे वीडियो देखे जिनसे यह सीखा जा सके कि गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को कैसे काटा जाता है। तकनीक सीखने के बाद उसने गैस कटर, छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल और नकाब जैसे उपकरण जुटाए और लाखों रुपए की लूट की बड़ी योजना तैयार की थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी नंदलाल इससे पहले भी कई बार ऐसी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर चुका था। उसने स्वीकार किया कि वह पूर्व में सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान के एटीएम में भी चोरी का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और वह असफल रहा।
इस बार वह पूरी तैयारी के साथ आया था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और सक्रियता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
दरअसल, पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पूर्व में हुई छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जिले के सभी एटीएम बूथों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। 24 मार्च की रात जब लोहारा पुलिस की टीम गश्त पर थी, तो उन्हें एटीएम के पास एक युवक संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब, रेनकोट और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी से ‘सीन रीक्रिएट’ भी करवाया, जिसमें उसने मशीन काटने की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया।




