LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News-शादी के महज दो दिन बाद भीषण हादसे ने छीनी दूल्हे की जिंदगी, टेंट का सामान छोड़ने जाते वक्त हुआ हादसा

मृतक की पहचान 35 वर्षीय देवांगन सिदार के रूप में हुई है, जो गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, देवांगन की शादी की रस्में 5 अप्रैल से शुरू हुई थीं। 8 अप्रैल को वह बड़ी धूमधाम से अपनी बारात लेकर जशपुर जिले के कोतबा गया था।

CG News-रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक घर में अभी शादी की शहनाइयों की गूंज थमी भी नहीं थी कि वहां मातम पसर गया। शादी के महज दो दिन बाद एक सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। जिस घर में अभी नई नवेली दुल्हन के स्वागत की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब अपनों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें गूंज रही हैं। यह हृदयविदारक घटना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी की है, जहां ट्रैक्टर पलटने से दूल्हे ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय देवांगन सिदार के रूप में हुई है, जो गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, देवांगन की शादी की रस्में 5 अप्रैल से शुरू हुई थीं। 8 अप्रैल को वह बड़ी धूमधाम से अपनी बारात लेकर जशपुर जिले के कोतबा गया था।

शादी संपन्न होने के बाद 9 अप्रैल को गृह ग्राम ठाकुरपोड़ी में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह खुशियां इतनी जल्दी मातम में बदल जाएंगी।

CG News/हादसा 10 अप्रैल की शाम को तब हुआ जब शादी के सभी कार्यक्रम संपन्न हो चुके थे।

देवांगन अपने दोस्तों के साथ चाचा के ट्रैक्टर पर टेंट का सामान लादकर पास के गांव बालापोढ़ी छोड़ने जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सतीपारा के पास पहुंचा, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और देवांगन गाड़ी के नीचे दब गया। इस हादसे में देवांगन के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथ मौजूद तीन दोस्त भी घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पत्थलगांव अस्पताल ले जाया गया। देवांगन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

रायपुर ले जाते समय रास्ते में रात करीब 11 बजे नंदन झरिया के पास देवांगन ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल हुए दो दोस्तों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, लेकिन एक दोस्त सीमोन एक्का की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

Back to top button
close