LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News- बीयर की बोतल से सिर पर हमला कर लूटे 10 हजार, चंद घंटों में पुलिस के हत्थे चढ़े इंदिरानगर के शातिर

CG News/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सनसनीखेज लूट के मामले को महज चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीयर की बोतल से हमला कर लूटपाट करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई ने अपराधियों के बीच कड़ा संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों की अब खैर नहीं है।

यह पूरी घटना 17 मार्च की रात करीब 8 बजे की है। पीड़ित नितेश गुप्ता अपनी स्कूटी से बड़े रामपुर स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान पर बीयर लेने गया था। जब वह दुकान से लौटकर अपनी स्कूटी की डिक्की में बोतल रख रहा था, तभी इंदिरानगर के रहने वाले राजा खान और अफसर खान वहां पहुंचे और बेवजह विवाद करने लगे।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी राजा खान ने हाथ में पकड़ी बीयर की बोतल नितेश के सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इस बीच दोनों आरोपियों ने जबरन स्कूटी की डिक्की खुलवाई और उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना से डरे-सहमे पीड़ित ने अगले दिन, यानी 18 मार्च की रात कोतवाली थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया। लूट की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर हरकत में आई पुलिस टीम ने मुखबिरों के जाल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी शुरू की। पुलिस की तत्परता का नतीजा यह रहा कि वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को इंदिरानगर क्षेत्र से धर दबोचा गया।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मीर हसमत अली उर्फ राजा और 38 वर्षीय मोहम्मद अफसर के रूप में हुई है, जो दोनों इंदिरानगर के ही निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से खर्च के बाद शेष बचे 3,500 रुपये बरामद कर लिए हैं। शेष राशि आरोपियों ने फरारी के दौरान खर्च कर दी थी।

कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 

Back to top button
close