LIVE UPDATE
Chhattisgarhcrime

CG NEWS:छत्तीसगढ़ में 25 वर्षीय युवती पर नाबालिग लड़के को भगाने और ‘अनाचार’ का आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

CG NEWS:जांजगीर-चांपा ।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ 25 वर्षीय एक युवती के खिलाफ नाबालिग लड़के को शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने और उसके साथ ‘अनाचार’ करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर पॉक्सो एक्ट के तहत नाबालिग लड़कियों को शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने के मामले लड़कों या पुरुषों के खिलाफ दर्ज होते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में यह एक युवती के खिलाफ दर्ज होने वाला ऐसा पहला मामला सामने आया है
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई  को थाना जांजगीर में एक नाबालिग बालक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस पर, अपराध क्रमांक 605/25, धारा 137 (2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा, विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई।  थाना जांजगीर पुलिस ने साइबर तकनीक का सहारा लेते हुए नाबालिग बालक की पतासाजी की। इसी क्रम में, सीएसपी जांजगीर, कविता ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदलपुर की ओर रवाना होकर बालक को एक युवती के कब्जे से बरामद किया। पता चला है कि युवती और नाबालिग लड़के के बीच सोशल मीडिया के ज़रिए पहचान बनी थी । इसके बाद यह सारा घटनाक्रम सामने आया । 
युवती से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग बालक को शादी करने का प्रलोभन देकर उसके साथ ‘अनाचार’ किया था। अपराध स्वीकार किए जाने के बाद, युवती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है

Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
Back to top button
close