LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News-पिता की मौत पर टिप्पणी पड़ी भारी, रायगढ़ में युवक की पीट-पीटकर और जलाकर बेरहम हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर खरसिया पुलिस ने मौहापाली (खरसिया) में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर आग से जलाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए कल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

CG News/छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खरसिया थाना क्षेत्र के मौहापाली में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था, जहां मामूली विवाद के बाद एक युवक को न केवल ईंटों से पीटा गया, बल्कि उसे आग लगाकर जिंदा जलाने की कोशिश भी की गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी भी फरार है। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपियों ने घायल युवक की मदद करने के बजाय उसका वीडियो भी बनाया था।

यह हृदयविदारक घटना 16 फरवरी की रात की है। मृतक शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष), जो चपले गांव का निवासी था, मौहापाली में अपने मामा के घर आया हुआ था। रात के वक्त वह घर से निकला और गांव के ही निलेश डेंजारे और कृष्णा सोनवानी के साथ बैठकर खान-पान कर रहा था। इसी दौरान बातों-बातों में शिव प्रसाद ने निलेश के दिवंगत पिता को लेकर कुछ टिप्पणी कर दी।

यह बात निलेश को इतनी नागवार गुजरी कि उसने और उसके साथी कृष्णा ने मिलकर शिव प्रसाद पर हमला कर दिया। दोनों ने उसे मुक्कों और ईंटों से बेतहाशा पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके शरीर को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से झुलसे और घायल शिव प्रसाद को ग्रामीणों की मदद से पहले खरसिया और फिर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान 17 फरवरी को उसने दम तोड़ दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो मृतक को आखिरी बार निलेश और कृष्णा के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मुख्य संदेही निलेश डेंजारे को रायगढ़ से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी निलेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिता पर की गई टिप्पणी से वह आपा खो बैठा था। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट, खून से सने कपड़े, मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी निलेश ने घटना के बाद गंभीर रूप से घायल और तड़पते हुए शिव प्रसाद का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया था, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर बरामद किया है।

एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल और चौकी प्रभारी अमित तिवारी की टीम ने आरोपी निलेश डेंजारे (25 वर्ष) को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं।

Back to top button
close