CG News: बिलासपुर। नगर निगम के स्वच्छता अमले ने व्यापार विहार और पुराना बस-स्टैंड में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं भंडारण करते पाए जाने पर 11 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान दुकानों से 13 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। संबंधित दुकानदारों पर नगर निगम ने 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। भविष्य में प्लाॅस्टिक के विक्रय करते पाए जाने पर भारी भरकम जुर्माने की भी चेतावनी दी गई है। जिन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई उनमें पुराना बस स्टैंड से सतीश जायसवाल, जितेंद्र छाबड़ा, मिली छाबड़ा, व्यापार विहार से सूरज, बलराम, दिनेश, महेश, सौरभ मिश्रा, नरेश मंगवानी, ललित और प्रतीक शामिल है।

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से कपड़े, जूट अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की है।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का विक्रय अथवा भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहभागी बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया है।