cg news-काम दिलाने का झांसा देकर युवती की खरीद-फरोख्त का मामला, गिरफ्तार

cg news/छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की लखनपुर पुलिस ने मानव तस्करी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने काम दिलाने का लालच देकर एक युवती की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ा गया आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था, जिसे अब कड़ी मशक्कत के बाद सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। लखनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न वैधानिक धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय मानव तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ था जब पीड़ित युवती ने 2 दिसंबर 2025 को लखनपुर थाने में अपनी आपबीती सुनाई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि ग्राम सिंगीटाना निवासी धनी कुजूर ने अपने साथियों अल्का टोप्पो, नितेश और अशोक के साथ मिलकर उसे अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
इसके बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश के उज्जैन ले गए, जहां उसे ऊंचे दामों पर अवैध तरीके से बेच दिया गया।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 306/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी धनी कुजूर फरार होने में सफल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देश और मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
लखनपुर पुलिस लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही थी। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और मुख्य आरोपी धनी लाल कुजूर को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने किस तरह से युवती को अपनी बातों में फंसाकर तस्करी की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 2000 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।





