CG News।बालोद शहर में लाइब्रेरी से घर लौट रही छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाला कोई अज्ञात हमलावर नहीं, बल्कि छात्रा का प्रेमी ही निकला। पुलिस ने मामले में उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एसिड और आरोपियों के कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बालोद शहर की रहने वाली छात्रा रोज की तरह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर तांदुला डैम की ओर भाग गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के नेतृत्व में तलाश अभियान चलाया गया।

डीएसपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्रा के प्रेमी यश कुमार सोनकर, निवासी बालोद, पर पुलिस का संदेह गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग कहानियां बताकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने छात्रा से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, यश इस बात से नाराज था कि छात्रा किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ते और शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी नाराजगी में उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के साथ मिलकर छात्रा पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, यश लगातार छात्रा को मनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन बात नहीं बनी।

जांच में सामने आया कि यश ने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया था। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई, लेकिन उस समय शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण उन्होंने अपना प्लान टाल दिया।

इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब पुलिस के अनुसार यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध की ओर गया और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।

यश द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने करण कुंजाम की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना के संबंध में जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने मामले में यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद और करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।