LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News : 61 लाख की साइबर ठगी, युवक को वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर राजस्थान से ऑपरेट हो रहे गिरोह ने लगाया चूना

CG News :छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक हैरान कर देने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है, जिसमें एक युवक से 61 लाख रुपए की ठगी की गई है। यह घटना गीदम थाना क्षेत्र की है, जहां ग्राम पंचायत हारम के रहने वाले भूपेंद्र तेलामी को वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगों ने फंसाकर लाखों की चपत लगा दी।

CG News :शुरुआत एक व्हाट्सऐप मैसेज से हुई, जिसमें “द गुड गाइस इलेक्ट्रॉनिक कंपनी” के नाम से एक ऑनलाइन मार्केटिंग बिजनेस का ऑफर दिया गया था। इसमें रोजाना 1200 से 6000 रुपए तक कमाई का दावा किया गया। जब युवक इससे जुड़ा, तो उसके वॉलेट में 10 हजार रुपए भी आए, जिससे उसे भरोसा हो गया कि यह असली काम है।

CG News :ठगों ने उसे एक डेमो टास्क दिया जिसमें इलेक्ट्रॉनिक सामान से जुड़े 20 टेंडर खोलने थे। पैसे लगाने और फायदा मिलने के झांसे में युवक फंस गया। शुरुआती लाभ उसके बैंक खाते में ट्रांसफर भी कर दिया गया जिससे भरोसा और गहरा हुआ। फिर उसे टेलीग्राम चैनल से जोड़ दिया गया और यहीं से असली ठगी का सिलसिला शुरू हुआ।

फाइनेंशियल कंसल्टेंट से बात करने के नाम पर युवक को अलग-अलग बैंक खातों में रकम डालने के लिए कहा गया। भूपेंद्र ने एक के बाद एक खाते में कुल 61 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब ट्रांजैक्शन के बाद फोन और मैसेज का जवाब आना बंद हो गया, तो उसे एहसास हुआ कि उसके साथ बड़ा साइबर फ्रॉड हुआ है।

उसने तत्काल गीदम थाने में शिकायत दर्ज कराई। SP गौरव राय ने इस मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर साइबर सेल को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि सारे बैंक खाते राजस्थान से संचालित किए जा रहे थे। लोकेशन ट्रैक कर पुलिस टीम को राजस्थान भेजा गया।

पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से बीरम राम नायक, पेम्पाराम, फलोदी से शिशुपाल और जयपुर से जितेंद्र मैरोटा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से ठगी के 5 लाख रुपए कैश और बैंक में जमा 3 लाख रुपए होल्ड किए गए हैं।

SP गौरव राय ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की है और जनता से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन ऑफर या वर्क फ्रॉम होम स्कीम में शामिल होने से पहले पूरी जांच करें।

इस गिरोह को पकड़ने में TI नरेश सलाम, उप निरीक्षक रूपेश नारंग, रामकुमार श्याम, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह और आरक्षक अभिजीत वेट्टी, गजेंद्र ध्रुव, संतोष दिवान, भुनेश्वर नेताम की अहम भूमिका रही।

Back to top button
close