CG news: जनगणना ड्यूटी से गायब मिले 44 कर्मचारी, रायपुर नगर निगम ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

CG News: जनगणना 2027 के लिए रायपुर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. लेकिन इस दौरान कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान लापरवाही करते नजर आ रहे हैं. कई कर्मचारी तो ड्यूटी पर भी नहीं पहुंच रहे हैं.
अब लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर रायपुर नगर निगम ने नकेल कसनी शुरू कर दी है. ट्रेनिंग के दौरान कई विभागों के 44 कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले.
जिसके बाद नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विश्वदीप ने सभी गैर हाजिर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण एक मई से शुरू हो गया है. पहले चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मकान और परिवार की जानकारियां जुटा रहे हैं. इसके लिए लोगों से 33 सवाल पूछे जा रहे हैं. इस दौरान लोगों को प्रगणक अधिकारियों के सवालों का जवाब देना जरूरी है.
जवाब ना देने पर इसे अधूरा माना जाएगा. हालांकि जो भी जानकारी प्रगणक अधिकारियों को दी जाएगी, यह पूरी तरह से गोपनीय होगी और इसे किसी से भी साझा नहीं किया जाएगा.
वहीं जनगणना कार्य में अनुपस्थित होने पर नगर निगम रायपुर के उपायुक्त जनगणना जसदेव सिंह बाबरा कहा है कि यह एक गंभीर मामला है. इसमें लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगा.
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नोटिस दिए गए हैं. अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो फिर उनसे सख्त कार्रवाई करेंगे.
उपायुक्त जनगणना ने बताया कि जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11(1)(क) के तहत जनगणना के कार्य में बाधा पहुंचाना या फिर ड्यूटी में नदारद रहना या फिर ड्यूटी करने से मना करना दंडनीय अपराध है.





