CG IMD Alert- छत्तीसगढ़ से अगले कुछ दिनों में मानसून की विदाई संभव, पर अक्टूबर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश!

CG IMD Alert-छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी अगले दो से तीन दिनों में शुरू हो सकती है, खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ से विदाई के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनती दिख रही हैं।
CG IMD Alert/हालांकि, मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक जैसी मानसूनी गतिविधियों के जारी रहने का अनुमान जताया है। इसी क्रम में, बिलासपुर में शनिवार दोपहर को मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
CG IMD Alert/दुर्ग जिले के भिलाई में सर्वाधिक 58.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस साल अक्टूबर माह में अब तक हुई बारिश ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी बारिश होती है और मानसून की वापसी हो चुकी होती है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से भी अधिक बारिश हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 सितंबर तक की बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश की श्रेणी में रखा जाता है।
देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी पहले ही शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में सामान्यतः 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार वापसी में करीब 10 दिनों की देरी हो रही है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून की पूर्ण वापसी लगभग 15 अक्टूबर के बाद ही संभव हो पाएगी।
प्रदेश में अब तक कुल 1167.4 मिमी औसत बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 524.5 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। वहीं, बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ जैसे जिलों में वर्षा सामान्य के आसपास रही है। बलरामपुर जिले में 1520.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 52% अधिक है। ये आंकड़े 30 सितंबर तक के हैं, जो इस बार के मानसून की अनूठी विशेषताओं को दर्शाते हैं।