CG High Court : बिलासपुर। बिलासपुर स्कूल शिक्षा विभाग के बहुचर्चित युक्तियुक्तकरण और पदोन्नति घोटाले में निलंबित लिपिक (जूनियर ऑडिटर) सुनील कुमार यादव को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली है। मामले की गंभीरता और अदालत के कड़े रुख को देखते हुए याचिकाकर्ता को अपनी याचिका वापस (विथड्रा) लेनी पड़ी।

निलंबन के खिलाफ सुनील यादव द्वारा दायर रिट याचिका (WPS No. 7489 of 2026) पर सुनवाई जस्टिस बीड़ी गुरू की सिंगल बेंच में हुई।

याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अमृतो दास पेश हुए, जबकि शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता (Addl. AG) यशवंत सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।

सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने पूरे घोटाले और मामले की गंभीरता को अदालत के समक्ष रखा। न्यायमूर्ति बी. डी. गुरू ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता को सीधे हाईकोर्ट आने के बजाय संबंधित सेवा नियमों (CCA Rules के नियम 23) के तहत सक्षम विभागीय प्राधिकारी के समक्ष अपील करनी चाहिए, अन्यथा अदालत मेरिट के आधार पर निर्णय पारित करेगी। जज के रुख को भांपते हुए अधिवक्ता अमृतो दास ने उचित फोरम में जाने की छूट मांगते हुए याचिका वापस ले ली। कोर्ट ने अनुमति देते हुए याचिका को खारिज (Dismissed as Withdrawn) कर दिया।

बिलासपुर जिले में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण और पदोन्नति में बड़े पैमाने पर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं का खुलासा हुआ था।

पूरे फर्जीवाड़े की जांच के लिए गठित त्रि-सदस्यीय जांच दल ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सौंपी थी, जिसे लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) को भेजा गया था।

रिपोर्ट पर उच्च स्तर से महीनों तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नए जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय ने अपने अधिकार क्षेत्र का प्रयोग करते हुए न्यायालयीन शाखा के क्लर्क सुनील यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सक्षम समिति और कलेक्टर द्वारा निरस्त किए गए युक्तियुक्तकरण के मामलों में सांठगांठ कर बैकडोर से मनमाने आदेश तैयार कराए गए।

पदोन्नति की शर्तों के तहत तय समयसीमा में कार्यभार ग्रहण न करने पर जोपदस्थापना स्वतः निरस्त हो चुकी थी, उन्हें महीनों बाद संशोधित कर चहेतों को लाभ पहुंचाया गया।

 पुरानी व निष्प्रभावी प्रतीक्षा सूची से नियमों को ताक पर रखकर, बिना डीपीसी और बिना काउंसलिंग के कनिष्ठों को उपकृत किया गया।

अवैध आदेशों को सही साबित करने के लिए नस्ती में उच्च न्यायालय के ऐसे निर्देशों का हवाला जोड़ दिया गया, जो कोर्ट ने कभी दिए ही नहीं थे।

सुनील यादव के निलंबन और कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या शासन स्तर से इस फर्जीवाड़े में शामिल तत्कालीन उच्चाधिकारियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।