बिलासपुर। वॉशरूम में नहाते समय युवती का वीडियो बनाने और उसे दिखाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के आरोप में सात साल की सजा पाए युवक को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बरी कर दिया है। युवती ने कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी।

मामले में अपील की सुनवाई करते हुए जस्टिस एनके चंद्रवंशी की एकलपीठ ने कहा कि अभियोजन यह साबित नहीं कर सका कि आरोपी ने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाया था या आत्महत्या से पहले उसे लगातार प्रताड़ित किया था।

कोर्ट ने संदेह का लाभ देते हुए सत्र न्यायालय, बलरामपुर-रामानुजगंज के दोषसिद्धि और सजा के आदेश को निरस्त कर दिया।

निचली अदालत से सात साल की सजा मिलने के बाद आरोपी मोबारक अंसारी जेल में बंद था। उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील दायर की थी। सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने उसे दोषमुक्त कर दिया।

अभियोजन के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम गम्हरिया निवासी मोबारक अंसारी और युवती पुनीता एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। आरोप था कि युवती जब वॉशरूम में नहा रही थी, उसी दौरान मोबारक ने उसका वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो दिखाकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा।

आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई।

इस कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया और सुनवाई के बाद सत्र न्यायालय, बलरामपुर-रामानुजगंज ने उसे दोषी ठहराते हुए सात साल के कारावास की सजा सुनाई थी।

अभियोजन के मुताबिक, घटना को लेकर 13 जनवरी 2021 को गांव में बैठक हुई थी। इसमें मोबारक ने अपनी गलती स्वीकार की थी। अभियोजन का दावा था कि उसने मोबाइल से वीडियो हटाने और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन भी दिया था।

अपील की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने अभियोजन के साक्ष्यों और मामले के तथ्यों पर विचार किया। अदालत ने पाया कि अभियोजन यह साबित करने में सफल नहीं रहा कि आरोपी ने युवती को आत्महत्या से पहले लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए प्रताड़ित किया था अथवा उसे आत्महत्या के लिए उकसाया था।

इसी आधार पर जस्टिस एनके चंद्रवंशी की एकलपीठ ने आरोपी मोबारक अंसारी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। कोर्ट ने सत्र न्यायालय, बलरामपुर-रामानुजगंज के दोषसिद्धि और सजा संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया।