LIVE UPDATE
Big news

पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर का बिगुल – कोरबा कलेक्टर हटाओ वरना सड़क पर उतरेंगे

बिलासपुर….पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कंवर ने प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन दोनों से पत्र लिखकर मांग की है कि कलेक्टर को तत्काल हटाया जाए। इसके लिए उन्होंने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर वे धरना आंदोलन शुरू करेंगे।

भ्रष्टाचार और तानाशाही के आरोप

कंवर ने कलेक्टर पर “हिटलरशाही” अंदाज में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उनका दावा है कि 40,000 से अधिक स्व-सहायता समूह की महिलाओं से अरबों रुपए की ठगी, मालगांव और रलिया में फर्जी मुआवजा बांटने जैसी गड़बड़ियों में कलेक्टर की सीधी संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत रजगामार में करीब 3000 लोग 50 साल से शासकीय भूमि पर बसे हुए हैं, लेकिन बिना शिकायत के चुनिंदा लोगों को नोटिस भेजकर प्रशासन ने दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की है।

पत्रकार और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई का आरोप

पूर्व मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कलेक्टर भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक पत्रकार का मकान बरसात में ढहा दिया गया और उसका सामान सड़क पर फिंकवा दिया गया, जबकि अन्य अवैध कब्जों को अनदेखा किया गया। इसी तरह, पार्टी कार्यकर्ताओं के राइस मिल और पेट्रोल पंपों पर भी कार्रवाई की गई।

पहले भी रहा विवादों में नाम

कलेक्टर अजीत वसंत का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। कुछ समय पहले उन्होंने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को फेसबुक पोस्ट पर नोटिस भेजा था। कलेक्टर का कहना था कि वह पोस्ट प्रशासन की छवि धूमिल करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने की मंशा से की गई थी।

जन आंदोलन की चेतावनी

कंवर का कहना है कि कलेक्टर को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, इसी वजह से उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार ने तीन दिनों में ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े स्तर पर जन आंदोलन शुरू करेंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close