LIVE UPDATE
Bilaspur

बजट: बिलासपुर को मेगा इंफ्रा पैकेज: 32 किमी नेशनल हाईवे, फ्लाईओवर ग्रिड और 730 करोड़ सिम्स — अमर की घोषणा, तोखन की पहल निर्णायक

बाहरी ट्रैफिक होगा डायवर्ट, स्वास्थ्य को 730 करोड़ का संबल: अमर का ब्लूप्रिंट, तोखन की केंद्रीय भूमिका से मिला नेशनल हाईवे

बिलासपुर… भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में विधायक अमर अग्रवाल ने 2026-27 के राज्य बजट को वर्तमान जरूरत और दीर्घकालिक दृष्टि का संतुलित दस्तावेज बताया। इस दौरान जिला भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि और प्रवक्ता दुर्गेश पांडे मौजूद रहे।

अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला मजबूत करता है। 1998 में विधायक बनने और राज्य गठन के समय की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2003 से 2018 के बीच चुनौतियों के बावजूद राज्य को ऊंचाइयों तक ले जाया गया। 2023 में सरकार बनने के बाद चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने का दावा भी दोहराया।

नक्सलवाद को विरासत में मिली बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश नक्सल-मुक्ति की दिशा में निर्णायक बढ़त ले चुका है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी, इंद्रावती में नए डैम का प्रावधान और सरगुजा-अंबिकापुर क्षेत्र में विकास विस्तार को इसी रणनीति का हिस्सा बताया। उनके मुताबिक औद्योगिकीकरण के लिए 23 नए औद्योगिक पार्क, 200 करोड़ का लैंड बैंक, पर्यटन, स्टार्टअप, खेल और आईटी मिशन तथा सांस्कृतिक कॉरिडोर 2047 के लक्ष्य की तैयारी है।

बिलासपुर पर विशेष फोकस

अग्रवाल ने कहा कि इस बजट में बिलासपुर को व्यापक आधारभूत संरचना मिली है। नेहरू चौक से महामाया चौक (रतनपुर मार्ग) तक वाई-आकार फ्लाईओवर, तारबाहर–सिरगिट्टी ओवरब्रिज, उसलापुर में पुराने पुल के समानांतर नया ओवरब्रिज, बिलासपुर–कटनी मार्ग पर अमेरी के पास रेलवे अंडरब्रिज और शनिचरी मार्ग पर अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण प्रस्तावित है।

व्यापार विहार, महाराणा प्रताप चौक, कुदूदंड–तुलजा भवानी चौक और एफसीआई क्षेत्र में बहु-लेन अंडरपास का सर्वे पूरा हो चुका है। सीएमडी चौक, इमलीपारा, टैगोर चौक और जगमाल चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नगर निगम को 2089 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए मिले हैं, जिनसे सड़क, नाली, बिजली, पानी और उद्यान विकास कार्य होंगे। मुख्यमंत्री नगरोन्नयन योजना, 15वां वित्त आयोग, नालंदा शिक्षा हब और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत भी राशि उपलब्ध है।

32 किलोमीटर का नेशनल हाईवे: गेम चेंजर

सिंदरी, बिरकोना, बहतराई चौक, इंजीनियरिंग कॉलेज, सिल्पहरी और बोदरी को जोड़ने वाला 32 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित नेशनल हाईवे बाहरी वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना डायवर्ट करेगा और शहर में आने-जाने वाले ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करेगा। व्यापक सर्वे के बाद इस परियोजना को अंतिम रूप दिया गया। अग्रवाल ने कहा कि इस परियोजना में सांसद एवं केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की अहम भूमिका रही। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिलासपुर को यह सौगात दिलाई।

स्वास्थ्य और रोजगार

कैंसर इंस्टिट्यूट छह माह में प्रारंभ करने की तैयारी है। सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पीपीपी मॉडल पर आकार ले रहा है। सिम्स को 730 करोड़ रुपये की लागत से नए मेडिकल कॉलेज परिसर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी है।

रोजगार पर पूछे गए सवाल के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि सरकारी नौकरियां सीमित हैं, पर निजी निवेश, स्टार्टअप और पीपीपी मॉडल के माध्यम से अवसर बढ़ाए जाएंगे।

विकास की गति पर जवाब

शहर में विकास कार्यों की गति पर उठे सवालों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भौगोलिक चुनौतियां, जैसे चट्टानी भूभाग में सीवरेज कार्य, समय लेते हैं। किसी एक व्यक्ति या संस्था को दोषी ठहराना उचित नहीं।

अग्रवाल ने दोहराया कि बजट में नई और प्रगतिशील दोनों योजनाएं शामिल हैं। अरपा विकास प्राधिकरण को सशक्त करने और शासकीय भूमि 1 रुपये की दर पर उपलब्ध कराने के आदेश से परियोजनाओं में बाधा नहीं आएगी।

पत्रकारवार्ता में उन्होंने दावा किया कि औद्योगिक विस्तार, फ्लाईओवर–अंडरपास नेटवर्क, 32 किमी नेशनल हाईवे, स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन और नगर विकास योजनाएं मिलकर बिलासपुर की संरचना बदल देंगी। उनके अनुसार यह बजट 2047 के विकसित लक्ष्य की दिशा में ठोस आधार तैयार करता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close