Board Exam Paper Leak- बोर्ड परीक्षा पर फिर लीक का साया, छात्रा के बार-बार वॉशरूम जाने से खुला केमिस्ट्री पेपर कांड का राज
महाराष्ट्र में कक्षा 10वीं के बाद 12वीं की बोर्ड परीक्षा का भी एक पेपर कथित रूप से लीक हो गया है। दरअसल, 18 फरवरी 2026, बुधवार को आयोजित हुई केमेस्ट्री विषय की परीक्षा से जुड़ा एक लीक का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नागपुर में महाराष्ट्र बोर्ड के एग्जाम क्लास 12वीं के केमिस्ट्री का क्वेश्चन पेपर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर सर्कुलेट हो गए। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Board Exam Paper Leak/नागपुर /महाराष्ट्र में बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कक्षा 10वीं के मराठी पेपर के बाद अब 12वीं कक्षा का केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) का पेपर भी कथित तौर पर लीक होने का मामला सामने आया है। नागपुर के एक परीक्षा केंद्र से शुरू हुई इस जांच ने पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह प्रश्नपत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप पर परीक्षा शुरू होने से पहले ही सर्कुलेट हो गया था। पुलिस अब इस पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, जिसमें एक निजी कोचिंग संचालक की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
Board Exam Paper Leak/यह मामला नागपुर के सेंट उर्सुला गर्ल्स हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज में 18 फरवरी 2026 को आयोजित केमिस्ट्री की परीक्षा के दौरान उजागर हुआ। परीक्षा हॉल में तैनात निरीक्षकों को तब शक हुआ जब एक छात्रा बार-बार वॉशरूम जाने की अनुमति मांग रही थी।
उसकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जब छात्रा की जांच की गई, तो उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। फोन की जांच करने पर अधिकारी दंग रह गए; छात्रा के व्हाट्सएप पर न केवल केमिस्ट्री का पूरा प्रश्नपत्र मौजूद था, बल्कि उनके संभावित उत्तर भी साझा किए गए थे।
Board Exam Paper Leak/जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे और भी चौंकाने वाले हैं। जब्त किए गए स्मार्टफोन के डिजिटल विश्लेषण से पता चला है कि सिर्फ केमिस्ट्री ही नहीं, बल्कि 16 फरवरी को आयोजित हुआ फिजिक्स (भौतिक विज्ञान) का पेपर भी इसी तरह व्हाट्सएप ग्रुप्स पर लीक हुआ था।
पुलिस को आशंका है कि परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही प्रश्नपत्रों को एक सुनियोजित साजिश के तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैला दिया गया था। शुरुआती पूछताछ में छात्रा ने जो बयान दिए हैं, उनके आधार पर अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है।
नागपुर पुलिस के अनुसार, इस पूरे घोटाले के पीछे किसी निजी कोचिंग संचालक का हाथ होने की प्रबल संभावना है, जिसने आर्थिक लाभ के लिए छात्रों को समय से पहले पेपर उपलब्ध कराए। पुलिस ने नागपुर के सदर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी सेल की मदद से उस व्हाट्सएप ग्रुप और उसके एडमिन की तलाश की जा रही है जहां से यह पेपर वायरल होना शुरू हुआ था।
Board Exam Paper Leak/पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद पेपर सिस्टम से बाहर कैसे आया।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पेपर लीक का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन यवतमाल और जालना जिलों में मराठी भाषा का पेपर लीक होने की खबरें आई थीं। एक के बाद एक हो रहे इन पेपर लीक कांडों ने लाखों ईमानदार छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।




