LIVE UPDATE
Bilaspur

सड़कों पर रफ्तार का ब्लूप्रिंट: दो साल में 644 करोड़ से 15 फोर-लेन परियोजनाओं को हरी झंडी

644 करोड़ की रफ्तार: 15 फोर-लेन सड़कों से बदलेगा छत्तीसगढ़ का यातायात मानचित्र

बिलासपुर…राज्य में यातायात व्यवस्था को तेज, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने बड़ा निवेश खाका तैयार किया है। बीते दो वर्षों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की 15 प्रमुख सड़कों को फोर-लेन में विकसित करने के लिए 644 करोड़ 18 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना और आवागमन को सुगम बनाना है। विभाग का दावा है कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

रायगढ़ में बड़े पैमाने पर विस्तार

रायगढ़ जिले में मुख्य जिला मार्ग रायगढ़-लोइंग-महापल्ली (किमी 1 से 5) के फोर-लेन और विद्युतीकरण के लिए 81.47 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 2.50 किमी सड़क के लिए 41.48 करोड़ तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग (किमी 1 से 5) के उन्नयन हेतु 55.28 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

अंबिकापुर और बिलासपुर को बड़ी सौगात

अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी फोर-लेन सड़क के लिए 61.34 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। वहीं बिलासपुर में लगभग 14 किमी लंबे कोनी-मोपका फोर-लेन बायपास के लिए 59.55 करोड़ की मंजूरी दी गई है, जिससे शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।

राजधानी और आसपास के मार्ग भी शामिल

रायपुर में शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग (4.80 किमी) के चौड़ीकरण के लिए 22.78 करोड़ तथा गुढ़ियारी शुकवारी बाजार से रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म-5 फाटक तक 5 किमी सड़क के लिए 26.52 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

भैंसा-भंडार-तेलासी-सिरपुर मार्ग के उन्नयन के लिए 32.72 करोड़ तथा राजिम के नवीन मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक 34.19 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

दुर्ग-भिलाई, धमतरी और अन्य जिलों में भी विस्तार

दुर्ग में मिनी माता चौक से ठगड़ा बांध तक 28.57 करोड़ और महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 23.96 करोड़ की परियोजना स्वीकृत हुई है। भिलाई में स्मृति नगर से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी मार्ग के लिए 20.64 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

धमतरी में सिहावा चौक से नहर नाका तक 59.06 करोड़ तथा राजनांदगांव-गुंडरदेही मार्ग के उन्नयन के लिए 42.41 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। कबीरधाम जिले में एनएच-30 के 7 किमी हिस्से के फोर-लेन उन्नयन और डिवाइडर निर्माण के लिए 54.21 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं।

यातायात प्रबंधन की दीर्घकालिक रणनीति

इन परियोजनाओं को राज्य में यातायात सुधार की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फोर-लेन सड़कों से सड़क सुरक्षा मानकों में सुधार होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button