LIVE UPDATE
Chhattisgarh

मंच पर महाभारत: भूमिपूजन में भाजपा पदाधिकारी भिड़े, मंत्री की मौजूदगी में हाथापाई की नौबत

कृषि महाविद्यालय कार्यक्रम में सियासी संग्राम, मंच पर ही भिड़ गए भाजपा नेता

सूरजपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…प्रतापपुर ब्लॉक के धोन्धा में कृषि महाविद्यालय भवन के भूमिपूजन का मंच विकास के संदेश से ज्यादा राजनीतिक असहजता का केंद्र बन गया। कार्यक्रम के बीच भारतीय जनता पार्टी के दो पदाधिकारी मंच पर ही आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई की नौबत आ गई।

मंच पर सीट को लेकर तकरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 7 के विधायक और कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम तथा प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते की मौजूदगी थी। इसी बीच प्रदेश पदाधिकारी अनूप गुप्ता और मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल के बीच मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर बहस छिड़ गई।

कुछ ही मिनटों में बहस तीखी नोकझोंक में बदली और मंच पर हो-हल्ला मच गया। आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय कार्यकर्ता स्थिति संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन तनाव खुलकर सामने आ चुका था।

हाथापाई की नौबत, अतिथि असहज

विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मंच पर मौजूद अतिथि और कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। माहौल असहज होते देख वरिष्ठ नेताओं और आयोजकों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को काबू में लिया।

कार्यक्रम की रूपरेखा तय थी, पर कुछ देर के लिए पूरा आयोजन पटरी से उतरता दिखा। बाद में भूमिपूजन की औपचारिकता पूरी हुई, लेकिन घटना ने विकास कार्यक्रम पर राजनीतिक अनुशासन का सवाल खड़ा कर दिया।

सवाल संगठन पर

कृषि महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन क्षेत्र के लिए अहम परियोजना माना जा रहा है। ऐसे मौके पर सार्वजनिक मंच पर पदाधिकारियों की तकरार ने संदेश से ज्यादा विवाद को सुर्खियों में ला दिया।

स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि अंदरूनी असंतोष अब खुले मंच तक पहुंच चुका है। संगठन के भीतर समन्वय और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close