गणतंत्र दिवस पर बिलासपुर रचेगा इतिहास: पहली बार मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण, SDM–तहसील कार्यालय शिफ्टिंग पर भी बड़ा फैसला
बिलासपुर में पहली बार मुख्यमंत्री का ध्वजारोहण

बिलासपुर…समय-सीमा (टीएल) बैठक के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत में बिलासपुर प्रशासन से जुड़ी कई अहम जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं बिलासपुर में ध्वजारोहण करेंगे। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं और इस बार आयोजन को और अधिक बेहतर स्वरूप देने पर चर्चा हुई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री एक दिन पहले बिलासपुर पहुँचेंगे। हालांकि उनके विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी अलग से मिलेगी, लेकिन यह तय है कि बिलासपुर से मुख्यमंत्री का प्रदेश को संदेश जाएगा, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम शुरू हो गया है।
टीएल बैठक को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारियों के साथ साप्ताहिक और मासिक समीक्षा बैठकें नियमित रूप से होती हैं, जिनमें योजनाओं की प्रगति, जमीनी क्रियान्वयन और जनता तक लाभ पहुँचाने की रणनीति पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि आज की बैठक भी उसी क्रम में थी, जिसमें शासन की योजनाओं की समीक्षा के साथ आगामी तैयारियों पर फोकस किया गया।
सड़क सुरक्षा और यातायात दबाव के सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और गतिविधियों के कारण यातायात पर दबाव स्वाभाविक है, लेकिन इसे कम करने के लिए नई सड़क परियोजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। शनिचरी चौक क्षेत्र में कार्य प्रारंभ हो चुका है, मंगल क्षेत्र में भी सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके अलावा फ्लाईओवर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिस पर आगे निर्णय अपेक्षित है।
कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम में रोज़ाना बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचते हैं। समस्याएँ अलग-अलग प्रकृति की होती हैं—कहीं सड़क की मांग, कहीं चौड़ीकरण, कहीं पानी की समस्या, तो कहीं खेल मैदान या स्टेडियम जैसी बुनियादी जरूरतें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, और जैसे-जैसे काम आगे बढ़ता है, लोगों की अपेक्षाएँ भी बढ़ती हैं। प्रशासन का प्रयास है कि इन अपेक्षाओं पर खरा उतरा जाए।
आगामी बजट को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि इस बार बिलासपुर को सड़क और अन्य बुनियादी परियोजनाओं के लिए बेहतर बजट मिलने की संभावना है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय की शिफ्टिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अनुमति मिलने के बाद ही स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए जल्द ही आदेश जारी होंगे, टेंडर निकाला जाएगा और पूरी प्रक्रिया विधिवत पूरी की जाएगी।
टीएल बैठक के बाद हुई इस बातचीत में साफ संकेत मिला कि प्रशासनिक स्तर पर न सिर्फ आगामी गणतंत्र दिवस आयोजन को लेकर गंभीर तैयारी चल रही है, बल्कि शहर के दीर्घकालिक विकास, यातायात सुधार और प्रशासनिक संरचना को दुरुस्त करने की दिशा में भी ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं।





