LIVE UPDATE
Bilaspur

300 CCTV के बाद टूटा बाइक चोर गिरोह: 6 केस क्लियर, 7 आरोपी गिरफ्तार

बाइक चोरों की चेन टूटी: खरीदार समेत 7 गिरफ्तार, पुलिस का बड़ा खुलासा

बिलासपुर… शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 शातिर चोरों समेत 3 खरीददारों को गिरफ्तार कर कुल 7 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। कार्रवाई में 6 चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।

300 CCTV से बनी कड़ी, साइबर से गिरफ्तारी

लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने शहरभर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान कर साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक की गई, जिसके आधार पर टीम ने मस्तुरी क्षेत्र के बेदपरसदा में दबिश देकर मुख्य आरोपी साहिल मरावी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क

साहिल मरावी ने पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही चोरी की गाड़ियां खरीदने वालों के नाम भी उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने क्रमवार कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन जिलों के 6 केस सुलझे

पुलिस कार्रवाई में बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और दुर्ग जिले के कुल 6 मामलों का खुलासा हुआ। अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से चोरी गई मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं।

6 मोटरसाइकिलें बरामद, कीमत करीब 2 लाख

आरोपियों के कब्जे से पैशन प्रो, सीटी 100, होंडा साइन, स्प्लेंडर समेत कुल 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।

खरीदार भी शिकंजे में

पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले 3 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब सिर्फ चोर ही नहीं, बल्कि चोरी के नेटवर्क को भी तोड़ने पर फोकस कर रही है।

टीम को इनाम, कार्रवाई की सराहना

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसीसीयू और थाना टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका पर एसएसपी ने सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा की है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close