छोटे पैकेट में बड़ा जहर: तखतपुर में ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार..मोढ़े चौक से रेलवे स्टेशन तक नशे की कड़ी बेनकाब
तखतपुर में ब्राउन शुगर की सप्लाई लाइन टूटी, दो तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर…नशे के खिलाफ चल रहे प्रहार अभियान के तहत तखतपुर पुलिस ने ब्राउन शुगर के कारोबार पर बड़ी चोट की है। मुखबिर सूचना के आधार पर मोढ़े चौक के पास दबिश देकर एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसकी गिरफ्तारी के बाद नशे की सप्लाई की दूसरी कड़ी भी सामने आ गई। पुलिस ने कार्रवाई बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मोढ़े चौक के आसपास एक युवक के ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इसके बाद तखतपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई में दुर्गेश गायकवाड, निवासी बड़े बाजार तखतपुर को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में दुर्गेश ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसे अप्पू देवांगन, निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर से मिला था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने दूसरे राज्य से ब्राउन शुगर लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से बिक्री की बची रकम 2 हजार रुपये और अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की जांच अब उस नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में आगे बढ़ रही है, जहां से यह नशा जिले तक पहुंच रहा था।
कार्रवाई के दौरान तखतपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई रही। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।





