बड़ी ख़बर…सूटकेस में कैश का पहाड़: रेलवे स्टेशन के पास 17.90 लाख के साथ संदिग्ध दबोचा..पुलिस कप्तान बोले, हर एंगल से जांच जारी
नोटों से भरे सूटकेस के साथ पकड़ा गया युवक: 17.90 लाख जब्त, जांच तेज

बिलासपुर…रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति तक पहुंची पुलिस टीम को बड़ी नकदी बरामदगी मिली है। बेलगहना चौकी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में 17 लाख 90 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं। रकम दो सूटकेस और एक बैग में रखी हुई थी, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।
टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज बताया, जो बिलासपुर के कश्यप कॉलोनी क्षेत्र का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास रखे सूटकेस और बैग से 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि 17 लाख 90 हजार रुपए निकली।
इतनी बड़ी नकदी के साथ मौजूदगी पर संदेह गहराया तो पुलिस ने मौके पर ही पूरी रकम को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया। फिलहाल आरोपी से रकम के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर पूछताछ जारी है।
इस मामले पर पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने साफ किया कि यह केवल जब्ती तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बरामद नकदी के स्रोत, इसके संभावित उपयोग और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर हर पहलू पर गहन पड़ताल चल रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों से भी समन्वय किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस का फोकस अब इस नकदी के पीछे की पूरी कड़ी को सामने लाने पर है।





