खनिज माफिया पर बड़ी चोट: 1 जेसीबी, 3 हाइवा समेत 14 वाहन जब्त
बिलासपुर में लगातार कार्रवाई, कई इलाकों में अवैध उत्खनन और परिवहन पर शिकंजा

बिलासपुर… जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में 23 से 25 मार्च 2026 के बीच जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान खम्हरिया क्षेत्र में खनिज मिट्टी का अवैध उत्खनन करते एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। सकरी क्षेत्र में अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए, जबकि जयरामनगर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते तीन हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई।
इसी तरह सेंदरी, करही कच्छार, पहंदा और लोफण्डी क्षेत्रों में रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करते हुए कुल छह ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। इन सभी वाहनों को कोनी, कोटा थाना, पुलिस सहायता केंद्र केंदा और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





