कांग्रेस की कुर्सी पर भूपेश की मर्जी, बैज की नहीं चलेगी! — चंद्राकर का बड़ा दावा
दीपक बैज की दोबारा ताजपोशी पर ब्रेक! चंद्राकर बोले—भूपेश नहीं देंगे मौका

रायपुर..छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की अटकलों और नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने जोरदार हमला बोला है। चंद्राकर ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसी भी हालत में दीपक बैज को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनने देंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सबसे बड़े नेता भूपेश बघेल हैं और उनसे एक कदम नीचे देवेंद्र यादव हैं। महासचिव और सचिव के पदों के फर्क का जिक्र करते हुए चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर सब कुछ साफ है, लेकिन दिखावे की बैठकें लगातार चल रही हैं।
चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में रोज बैठकें होती हैं, लेकिन पहले भी ढाई-ढाई साल तक सत्ता साझेदारी का नाटक चलता रहा है, अब वही हाल संगठन में भी दिखाई दे रहा है।
SIR प्रकरण पर नेता प्रतिपक्ष पर निशाना
SIR प्रकरण में नेता प्रतिपक्ष द्वारा पत्र लिखे जाने पर अजय चंद्राकर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष का काम अब सिर्फ चिट्ठी लिखना ही रह गया है।
उन्होंने कहा कि महंत जी ने काम और आसान कर लिया है—बस पत्र लिखिए और चर्चा में बने रहिए।
चंद्राकर ने चुनौती देते हुए कहा कि यह बताया जाए कि भाजपा के दबाव में कहां किसी का नाम मतदाता सूची से कटवाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केवल अनुमान और राजनीतिक शोर है।
सुर्खियों में रहने की राजनीति
अजय चंद्राकर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष वास्तविक मुद्दों पर काम करने के बजाय सिर्फ पत्र लिखकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। इससे न तो लोकतंत्र मजबूत होता है और न ही जनता के सवालों का जवाब मिलता है।





