जंगल में वारदात की कोशिश… SP रजनेश सिंह के एक्शन में 7 KM चेज, आरोपी सलाखों के पीछे
सुनसान रास्ते पर कार सवारों को बनाया निशाना, ग्रामीणों की मौजूदगी से टली वारदात—दोनों आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना इलाके में सुनसान जंगल को निशाना बनाकर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। देर रात चाकू के दम पर कार सवारों को रोकने की साजिश रची गई, लेकिन पीड़ितों की सतर्कता और ग्रामीणों की मौजूदगी से वारदात टल गई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 1 अप्रैल की रात की है, जब हरिल साय टोप्पो गनियारी से मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर अपनी कार से विचारपुर लौट रहे थे। उनके साथ निलिमा तिर्की और रामप्यारी तिर्की भी मौजूद थीं। रात करीब साढ़े दस बजे बेलगहना-कोनचरा मार्ग के घने जंगल में नीलगिरी प्लांट के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने कार के सामने बाइक अड़ा दी और चाकू दिखाकर रास्ता रोकने की कोशिश की। स्थिति भांपते हुए चालक ने कार को साइड से निकालते हुए मौके से आगे बढ़ा लिया।
आरोपियों ने इसके बाद कार का पीछा शुरू किया और करीब सात किलोमीटर तक लगातार पीछा करते हुए विचारपुर तक पहुंच गए। यहां दोबारा कार को रोककर तीनों सवारों को चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और लूट का प्रयास किया गया। इसी दौरान गांव के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिससे हालात बदल गए और आरोपी अपनी बिना नंबर की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी अगले दिन सामने आते ही बेलगहना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज किया और टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक खंजरनुमा धारदार चाकू और एक स्टील का फोल्डिंग चाकू जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धांत पाण्डेय उर्फ राज पाण्डेय और राजकुमार पोर्ते उर्फ सोनू के रूप में हुई है। जांच के दौरान सिद्धांत पाण्डेय का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें गंभीर अपराध दर्ज रहे हैं।
पुलिस कप्तान ने कहा
जिला पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि बेलगहना क्षेत्र में लूट के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। टीम गठित कर आरोपियों की घेराबंदी की गई और कम समय में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से हथियार और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए हैं। इस तरह की आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मैं बार बार कह रहा हूं..जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।





