LIVE UPDATE
india

आशा भोसले नहीं रहीं—सुरों की वो आवाज़ खामोश, जिसने हर दौर को अपनी धुन में ढाला

सुर थम गए, एहसास रह गया—आशा भोसले के जाने से संगीत का एक पूरा दौर ख़ामोश

मुंबई..भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात लगा है। Asha Bhosle का निधन हो गया है। उनके जाने के साथ सिर्फ एक महान गायिका नहीं, बल्कि वह दौर विदा हो गया जिसने सुरों को हर बंधन से मुक्त कर दिया था। उनकी आवाज़ में जो विविधता, जो ऊर्जा और जो जीवंतता थी, वह दशकों तक संगीत की पहचान बनी रही। अब वही आवाज़ खामोश हो गई है, लेकिन उसकी गूंज हमेशा सुनाई देती रहेगी।

उनके निधन की खबर ने संगीत जगत के कलाकारों को भीतर तक झकझोर दिया है। अनु मलिक  ने अपनी शुरुआती यादें साझा करते हुए बताया कि जब वे महज़ 14 साल के थे, तब आशा भोसले ने उनके लिए एक गीत रिकॉर्ड किया था। उस समय वे संगीत की दुनिया में कदम ही रख रहे थे, लेकिन आशा ने न सिर्फ उनके लिए गाया, बल्कि उन्हें आशीर्वाद भी दिया कि वे एक दिन बड़ा नाम कमाएंगे।

अनु मलिक के अनुसार, यह आशीर्वाद उनके जीवन का आधार बन गया। आगे चलकर जब भी उन्होंने संगीत दिया, आशा भोसले ने कभी उन्हें मना नहीं किया। उन्होंने हर तरह के गीतों में अपनी आवाज़ दी और हर बार गीत को नई ऊंचाई तक पहुंचाया।

निधन की खबर पर उनकी प्रतिक्रिया बेहद भावुक रही। उन्होंने कहा कि इस खबर ने उन्हें अंदर तक हिला दिया है। कुछ समय पहले अपनी मां को खोने के बाद जो खालीपन था, वह अब और गहरा हो गया है। उनके लिए आशा भोसले सिर्फ एक महान कलाकार नहीं थीं, बल्कि एक मां जैसा स्नेह देने वाली शख्सियत भी थीं।

आशा भोसले की पहचान सिर्फ उनकी आवाज़ नहीं, बल्कि उनकी बहुमुखी प्रतिभा रही। उन्होंने ग़ज़ल, पॉप, जैज़, रॉक, कव्वाली और शास्त्रीय—हर शैली में खुद को साबित किया। उनके गाए गीतों में हर बार एक नया रंग दिखाई देता था, जिससे वे हर पीढ़ी के बीच प्रासंगिक बनी रहीं।

फिल्म उमराव जान में संगीतकार उमर खय्याम के साथ किया गया उनका काम आज भी उनकी कला का शिखर माना जाता है। ‘दिल चीज़ क्या है’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘ये क्या जगह है दोस्तों’ जैसी ग़ज़लों ने उनकी आवाज़ के उस गहरे और संजीदा रूप को सामने रखा, जिसने उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाया और संगीत इतिहास में अमर कर दिया।

बाद के वर्षों में ए आर रहमान के साथ ‘रंगीला’, ‘लगान’ ताल जैसी फिल्मों में काम कर उन्होंने फिर साबित किया कि उनके सुरों पर उम्र का कोई असर नहीं पड़ता। बदलते संगीत के दौर को उन्होंने खुले दिल से अपनाया और नई पीढ़ी के साथ कदम मिलाकर चलीं।

संगीत के स्वर्णिम युग के कई स्वर पहले ही खामोश हो चुके थे— मोहम्मद रफी किशोर कुमार और मुकेश, मन्ना  डे जैसे दिग्गज अब हमारे बीच नहीं हैं। अब आशा भोसले का जाना उस खालीपन को और गहरा कर गया है, जिसे भर पाना संभव नहीं लगता।

आशा भोसले का सफर संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने हर चुनौती को अपनी ताकत बनाया। अपनी अलग पहचान बनाने की जिद ने उन्हें वहां पहुंचाया, जहां वे सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि एक संस्था बन गईं।

आज उनकी आवाज़ भले ही थम गई हो, लेकिन उनके गीत, उनका अंदाज़ और उनकी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी। संगीत जब भी बजेगा, उसमें कहीं न कहीं आशा भोसले की झलक जरूर होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close